जिला परिषद स्कूल के 19 विद्यार्थियों की विटामिन की गोलियां खाने के बाद बिगड़ी तबीयत
◾अस्पताल में भर्ती कराया गया, अफरा तफरी का माहौल
चंद्रपूर,( राज्य रिपोर्टर न्यूज ) : चंद्रपूर जिले के भद्रावती तहसील अंतर्गत आने वाले ताडोबा-अंधारी टाइगर प्रोजेक्ट से सटे भामडेली गांव में जिला परिषद स्कूल के 19 छात्रों की विटामिन की गोलियां खाने के बाद तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आया है घटना बुधवार दोपहर के बाद की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित अनिमिया मुक्त भारत अभियान के तहत जिले की अनुदानित एवं गैर-अनुदानित स्कूलों में दो वर्ष से अधिक आयु के विद्यार्थियों को आयरन एवं फोलिक एसिड की गोलियां वितरित की जा रही हैं ये गोलियां सप्ताह में एक बार सेवन करने के निर्देश दिए गए हैं इस संबंध में विद्यालयों के मुख्याध्यापकों और शिक्षकों को पूर्व में आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए गए थे।
भामडेली स्थित जिला परिषद विद्यालय में पहली से चौथी कक्षा तक के विद्यार्थी अध्ययनरत हैं अभियान के अंतर्गत यहां भी गोलियां उपलब्ध कराई गई थीं बुधवार को स्कूल खुलने के बाद दो वर्ष से अधिक आयु के बच्चों को गोलियों का वितरण किया गया निर्देशानुसार इनका सेवन सप्ताह में एक बार किया जाना था, लेकिन कुछ विद्यार्थियों ने स्कूल में ही तथा कुछ ने घर जाकर रात में पांच से सात गोलियां एक साथ खा लीं।
अधिक मात्रा में गोलियां लेने के बाद कई विद्यार्थियों को मितली और उल्टी की शिकायत होने लगी स्थिति बिगड़ने पर रात में ही 19 विद्यार्थियों को उपचार के लिए चंद्रपुर स्थित जिला सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी बच्चों को गुरुवार को छुट्टी दे दी है ओर सभी की स्थिति अब स्थिर बताई जा रही है।
इस घटना को गंभीरता से लेते हुए जिला परिषद के शिक्षा अधिकारी ने भद्रावती पंचायत समिति के गट शिक्षा अधिकारी प्रकाश महाकालकर से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है प्राथमिक शिक्षा अधिकारी अश्विनी सोनवणे ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।






0 Comments