महानगरपालिका उपायुक्त ने अस्पताल को जारी किया नोटिस, वेकोली के क्षेत्रीय अस्पताल में मरीजों की जान भगवान भरोसे
चंद्रपुर,( राज्य रिपोर्टर न्यूज ) : जिस अस्पताल का उद्देश्य मरीजों की जान बचाना है अब वही अस्पताल खुद मौत का खुला न्योता देते जा रहा है वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड चंद्रपुर द्वारा संचालित 50 बिस्तरों वाले क्षेत्रीय अस्पताल में अग्नि सुरक्षा नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं यह गंभीर और जानलेवा लापरवाही उजागर होने के बाद चंद्रपुर शहर महानगरपालिका के उपायुक्त ने अस्पताल प्रशासन को नोटिस जारी किया है.
हैरानी की बात यह है कि महाराष्ट्र अग्निशमन सेवा अधिनियम के तहत अग्नि सुरक्षा प्रमाणपत्र अनिवार्य होने के बावजूद अस्पताल में न तो अग्निशमन यंत्र उपलब्ध हैं न फायर अलार्म सिस्टम और न ही आपातकालीन निकास जैसी बुनियादी व्यवस्थाएं. मरीजों से भरे अस्पताल में इस प्रकार की लापरवाही न केवल नियमों का उल्लंघन है बल्कि यह सीधा-सीधा मरीजों की जान से खिलवाड़ है.
हाल ही में चंद्रपूर महानगर पालिका द्वारा किए गए निरीक्षण में स्पष्ट हुआ कि अस्पताल प्रशासन ने सुरक्षा को लेकर पूरी तरह आंखें मूंद रखी हैं जिससे अब सवाल यह उपस्थित हो रहा है कि यदि अस्पताल में मामूली सी भी आग लग जाती है तो वहां भर्ती मरीजों, उनके परिजनों और सैकड़ों कामगारों की जान कौन बचाएगा? क्या वेकोली प्रशासन किसी बड़ी घटना का इंतजार कर रहा है?
उपायुक्त चंद्रपुर महानगरपालिका ने अस्पताल प्रशासन को तत्काल अग्नि सुरक्षा प्रमाणपत्र प्राप्त करने के निर्देश दिए हैं और की गई कार्यवाही का अहवाल अग्निशमन विभाग को सौंपने को कहा है लेकिन सवाल यह है कि अब तक यह गंभीर लापरवाही किसके संरक्षण में चल रही थी? क्या जिम्मेदार अधिकारियों की मिलीभगत से नियमों को ताक पर रखा गया?
वेकोली जैसी प्रतिष्ठित कंपनी द्वारा संचालित अस्पताल में इस स्तर की लापरवाही प्रशासनिक संवेदनहीनता और गैर-जिम्मेदार रवैये को उजागर करती है क्या नियम केवल आम जनता के लिए हैं? क्या बड़े उपक्रमों को कानून से ऊपर समझा जा रहा है?
अब पूरे शहर की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि वेकोली प्रशासन इस नोटिस को गंभीरता से लेकर तत्काल सुधार करता है या फिर हमेशा की तरह इस मामले को भी ठंडे बस्ते में डाल दिया जाएगा. यदि समय रहते ठोस उपाययोजना नहीं किए गए तो किसी भी संभावित दुर्घटना की जिम्मेदारी तय करना प्रशासन के लिए आसान नहीं होगा.
मरीजों की जान बचाने का दावा करने वाला यह अस्पताल आज मरीजों के लिए मौत का जाल बनता जा रहा है.






0 Comments