ऑन-ड्यूटी घायल कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु , वेकोली प्रबंधन कटघरे में !
चंद्रपूर,( राज्य रिपोर्टर न्युज ) : वेकोली कर्मचारी की संदिग्ध मृत्यु का मामला तूल पकड़ता जा रहा है चंद्रपुर क्षेत्र के नांदगांव खदान में पदस्थ कर्मचारी स्वर्गीय राकेश नेरवटला की मृत्यु को लेकर अब प्रबंधन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.
प्राप्त जानकारी के अनुसार राकेश नेरवटला कुछ माह पूर्व ही नांदगांव खदान में पदस्थ हुए थे 11 जनवरी को रात्रि पाली में ड्यूटी के दौरान उनके पैर में गंभीर चोट लगी जिससे उन्हें तत्काल वेकोली के क्षेत्रीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, किंतु सुबह लगभग 7:30 बजे उपचार के दौरान ही जल्दबाजी में छुट्टी दे दी गई.
सूत्रों के अनुसार ऑन-ड्यूटी कर्मचारी के घायल होने से प्रबंधन की जवाबदेही तय हो सकती थी और उच्चस्तरीय जांच में खदान की सुरक्षा व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न लगना तय था ऐसे में आरोप है कि मामले को दबाने के उद्देश्य से घायल कर्मचारी को आनन-फानन में अस्पताल से छुट्टी दी गई. यदि यह तथ्य जांच में प्रमाणित होते हैं तो यह केवल लापरवाही नहीं बल्कि गंभीर प्रशासनिक संवेदनहीनता का मामला माना जाएगा.
इधर पुलिस जांच में एक और चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है जांच के दौरान स्वर्गीय राकेश के परिजनों एवं संबंधित अधिकारियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं साथ ही पुलिस विभाग ने वेकोली प्रबंधन से आवश्यक दस्तावेजों की मांग की है किंतु जानकारी के अनुसार अब तक संबंधित दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए हैं.
यदि पुलिस जांच में सहयोग न करने की पुष्टि होती है तो यह न केवल नियमों की अवहेलना बल्कि पारदर्शिता पर भी सवाल खड़ा करेगा, अब सबकी निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं जो यह तय करेगी कि यह मामला आकस्मिक था या फिर लापरवाही और दबाव की कहानी.







0 Comments