वेकोली दुर्गापुर उपक्षेत्र में अनुशासन पर सवाल, जांच की बजाय सूचना, प्रबंधन के रवैये से कर्मचारियों में रोष
चंद्रपुर,( राज्य रिपोर्टर न्यूज ) : वेकोली चंद्रपुर क्षेत्र के दुर्गापुर उपक्षेत्र में एक बार फिर अनुशासन व्यवस्था कटघरे में है दिनदहाड़े कार्यस्थल पर कर्मचारियों द्वारा ताश खेलते देखे जाने का मामला सामने आने के बावजूद ठोस जांच के बजाय केवल एक औपचारिक सूचना जारी कर मामले को शांत करने का प्रयास किए जाने के आरोप प्रबंधन पर लग रहे हैं.
दुर्गापुर ओपनकास्ट माइन के उत्खनन विभाग के कर्मचारियों को सक्षम अधिकारी द्वारा एक सूचना जारी की है जिसमे उन्होंने बताया कि ड्यूटी समय में कोई भी कर्मचारी अनाधिकृत कार्य में लिप्त पाया गया तो कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी साथ ही ड्यूटी और भोजन अवकाश के समय का ध्यान रखते हुए कार्यस्थल पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं.
हालांकि कर्मचारियों के बीच इस सूचना को लेकर तीखी नाराजगी देखी जा रही है चर्चा है कि जब घटना खुलेआम हुई और अनेक लोगों ने इसे देखा तब प्रबंधन की जिम्मेदारी बनती थी कि वह स्वयं संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच करता कर्मचारियों का कहना है कि केवल कागजी सूचना जारी कर मामले को ठंडे बस्ते में डालना अनुशासन बनाए रखने का प्रभावी तरीका नहीं हो सकता.
सूत्रों के अनुसार यह पहला अवसर नहीं है जब अनुशासनहीनता के आरोपों पर ठोस कार्रवाई के बजाय सामान्य सूचना जारी कर मामला दबा दिया गया हो कर्मचारियों के बीच यह धारणा भी मजबूत होती जा रही है कि कार्रवाई चयनात्मक और पक्षपातपूर्ण ढंग से की जाती है कुछ पर सख्ती, तो कुछ पर नरमी.
सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि यदि ड्यूटी समय में कार्यस्थल पर ताश खेलना “अनाधिकृत कार्य” की श्रेणी में आता है तो मामला उजागर होने के बावजूद त्वरित जांच क्यों नहीं की गई? क्या अनुशासन केवल कागजी निर्देशों तक सीमित रह गया है?
इस संदर्भ में दुर्गापुर उपक्षेत्र के उपक्षेत्रीय प्रबंधक से संपर्क करने पर उन्होंने कहा कि मैनपावर अधिक होने के कारण जांच संभव नहीं है उनका यह भी कहना था कि यदि फोटो उपलब्ध कराए जाते हैं तो आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.







0 Comments