भटाली ओपन कास्ट खदान में बड़ा हादसा टला

 




भटाली ओपन कास्ट खदान में बड़ा हादसा टला

◾प्रबंधन की लापरवाही से 1 अधिकारी समेत 3 कर्मचारी बाल-बाल बचे 

चंद्रपुर,( राज्य रिपोर्टर न्यूज ) : वेकोली चंद्रपुर क्षेत्र की भटाली ओपन कास्ट खदान में 11 मार्च की मध्यरात्रि एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. 

रात करीब 1 बजे रात्रि पाली के दौरान अचानक भारी मात्रा में मलबा बहने से खदान में मौजूद एक अधिकारी सहित तीन कर्मचारी फंसने की स्थिति में आ गए हालांकि चारों ने सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए किसी तरह खदान के अंतिम छोर की ओर पहुंचकर खुद को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे एक बड़ा अनर्थ टल गया.

जानकारी के अनुसार घटनास्थल पर शिफ्ट इंचार्ज (अधिकारी), एक ओवरमैन, एक फोरमैन और एक पीसी ऑपरेटर ड्यूटी पर मौजूद थे अचानक मलबा खिसकने और बहने से चारों कर्मचारी कुछ समय के लिए संकट में घिर गए हालात इतने भयावह थे कि पल भर की चूक जानलेवा साबित हो सकती थी लेकिन कर्मचारियों की त्वरित समझदारी से सभी सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे परंतु इस घटना में एक पीसी मशीन मलबे में दबने की भी आशंका जताई जा रही है हालांकि आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि अभी तक नहीं की गई है. 

घटना के बाद वेकोली प्रबंधन की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं बता दें कि पिछले कुछ महीनों से चंद्रपुर क्षेत्र की खदानों में दुर्घटनाओं की संख्या लगातार बढ़ रही है लेकिन इसके बावजूद वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा सुरक्षा मानकों को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं.

इस संबंध में भटाली के उपक्षेत्रीय प्रबंधक से घटना की उचित जानकारी लेने के लिए संपर्क किया गया, तो उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया इससे प्रबंधन की पारदर्शिता पर भी सवाल उठने लगे हैं.

राज्य रिपोर्टर न्यूज इस पूरे मामले में प्रबंधन की लापरवाही से जुड़ी चौंकाने वाली जानकारी का खुलासा अगली खबर में प्रकाशित करेगा.




Post a Comment

0 Comments