चंद्रपुर क्षेत्र में आदेशों की खुली अवहेलना, फार्मासिस्टों की मनमानी से मरीजों का स्वास्थ्य खतरे में!
चंद्रपुर,( राज्य रिपोर्टर न्यूज ) : चंद्रपुर क्षेत्र का स्वास्थ्य विभाग इन दिनों गंभीर आरोपों और प्रशासनिक ढिलाई के चलते सुर्खियों में है प्रबंधन के आदेशों को दरकिनार कर कुछ फार्मासिस्टों द्वारा मनमाने तरीके से कार्य किए जाने की जानकारी सामने आई है जिससे न केवल प्रशासनिक व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न लग रहा है बल्कि मरीजों की सेहत के साथ भी खिलवाड़ होने की आशंका गहराती जा रही है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार क्षेत्रीय चिकित्सालय में पदस्थ फार्मासिस्ट मोहन राव द्वारा निर्धारित कार्य आदेश के विपरीत विभाग में कार्य किए जाने की चर्चा है वहीं, नंदगांव डिस्पेंसरी में कार्यरत फार्मासिस्ट मोहन बानोटू पर डॉक्टर की अनुपस्थिति में मरीजों की स्वास्थ्य जांच करने का गंभीर आरोप सामने आया है स्वास्थ्य नियमों के अनुसार यह कार्य स्पष्ट रूप से चिकित्सक का होता है ऐसे में एक फार्मासिस्ट द्वारा इस प्रकार की जिम्मेदारी निभाना नियमों की खुली अवहेलना माना जा रहा है.
सूत्रों के अनुसार इन गतिविधियों की जानकारी उच्च अधिकारियों तक पहुंचने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है इससे क्षेत्रीय प्रबंधन और मुख्यालय की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में क्षेत्रीय चिकित्सालय के डॉक्टरों और कर्मचारियों पर कई गंभीर आरोप सामने आए हैं लेकिन कार्रवाई के नाम पर सन्नाटा बना हुआ है.
चिंताजनक बात यह है कि प्रबंधन और संबंधित फार्मासिस्टों के बीच कथित आर्थिक लेनदेन की चर्चाएं भी जोर पकड़ रही हैं यदि इन आरोपों में सच्चाई है तो यह केवल प्रशासनिक लापरवाही नहीं बल्कि नैतिक पतन का भी संकेत है हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है लेकिन बढ़ती चर्चाओं ने विभाग की साख को गहरा आघात पहुंचाया है.
क्षेत्र के कर्मचारी अब यह जानना चाहते है कि आखिर कब तक आदेशों की धज्जियां उड़ती रहेंगी और प्रबंधन मूकदर्शक बना रहेगा? स्वास्थ्य जैसी संवेदनशील व्यवस्था में अनुशासन और पारदर्शिता सर्वोपरि होनी चाहिए यदि आरोपों में तथ्य है तो निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई आवश्यक है ताकि मरीजों की सुरक्षा और विभाग की विश्वसनीयता दोनों को बहाल किया जा सके.






0 Comments