दुर्गापुर उपक्षेत्र के ऑन ड्यूटी कर्मचारी खेल रहे जुआ , प्रबंधन के आशीर्वाद की चर्चा
चंद्रपुर,( राज्य रिपोर्टर न्यूज ) : वेकोली चंद्रपुर क्षेत्र के दुर्गापुर उपक्षेत्र अंतर्गत आने वाले वर्क शॉप के पेलोडर सेक्शन में बीते कई दिनों से कुछ कर्मचारी जुआ खेलने का गंभीर मामला सामने आया है जानकारी के अनुसार ऑन ड्यूटी कर्मचारी कार्यस्थल छोड़कर पास ही बने एक टिन के शेड में पर्दा डालकर खुलेआम ताश के पत्तों पर जुआ खेल रहे हैं.
हैरानी की बात है कि यह सब उपक्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय से महज कुछ ही मीटर की दूरी पर हो रहा है जहाँ प्रतिदिन 8 से 10 कर्मचारी ड्यूटी के दौरान एकत्र होकर जुआ खेलते देखे गए हैं जिस परिसर में वेकोली की लाखों रुपये की संपत्ति मौजूद है जहां सुरक्षा व्यवस्था की सख्त तैनाती बताई जाती है वहीं इस तरह की गतिविधियां सुरक्षा और अनुशासन दोनों पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करती हैं.
सूत्रों का कहना है कि यह खेल एक-दो दिन का नहीं बल्कि लगातार कई दिनों से चल रहा है जिससे अब सवाल यह है कि क्या प्रबंधन को इसकी जानकारी नहीं है, या फिर जानबूझकर अनदेखी की जा रही है? यदि कर्मचारी ड्यूटी छोड़कर जुआ खेल रहे हैं तो यह न केवल कार्यसंस्कृति पर धब्बा है बल्कि उत्पादन और सुरक्षा दोनों के लिए खतरा भी है.
इस मामले में दुर्गापुर उपक्षेत्रीय प्रबंधक से संपर्क कर उनकी प्रतिक्रिया लेने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन उठाना मुनासिब नहीं समझा जिससे उनकी चुप्पी ने संदेह को और गहरा कर दिया है.
इस प्रकरण से जुड़े कर्मचारियों के नाम और कथित संरक्षण देने वालों की जानकारी भी सामने आई है जिसका खुलासा अगली कड़ी में किया जाएगा चूंकि मामला जांच का विषय है इसलिए अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि दुर्गापुर उपक्षेत्रीय प्रबंधन इस पर क्या कार्रवाई करता है.






0 Comments