लालपेठ ओपन कास्ट खदान का कांटा घर निजी व्यक्तियों से चलवाने का गंभीर मामला उजागर, कर्मचारियों की जांच की मांग
चंद्रपुर,( राज्य रिपोर्टर न्यूज ) : वेकोली चंद्रपुर क्षेत्र में इन दिनों एक के बाद एक नए मामले सामने आ रहे हैं जिससे वर्षों से दबे कई रहस्यों के उजागर होने की चर्चा तेज हो गई है ऐसा ही एक मामला लालपेठ ओपन कास्ट खदान के कांटा घर से जुड़ा है जहां कथित रूप से वेकोली के कर्मचारियों की जगह निजी व्यक्तियों से काम कराए जाने का गंभीर मामला सामने आया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार जब यह कांटा घर नियमित रूप से संचालित हो रहा था, उस दौरान यहां पदस्थ वेकोली कर्मचारी कंपनी से हजारों से लेकर लाखों रुपये तक का वेतन प्राप्त कर रहे थे लेकिन चर्चा यह है कि वास्तविक कार्य निजी (बाहरी) व्यक्तियों से करवाया जाता था, जिससे पूरे प्रकरण पर सवाल खड़े हो गए हैं.
सूत्रों के अनुसार आरोप यह भी लगाया जा रहा है कि संबंधित कर्मचारी ट्रकों की निकासी के समय केवल ट्रक चालकों से कथित तौर पर एंट्री के नाम पर धन उगाही करने के लिए ही मौजूद रहते थे, जबकि कांटा घर का संचालन बाहरी लोगों के भरोसे चल रहा था.
बताया जा रहा है कि फिलहाल यह कांटा घर बंद कर दिया गया है इसके चलते यहां कार्यरत कर्मचारियों का अन्य विभागों में तबादला भी कर दिया गया है हालांकि अब इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग जोर पकड़ रही है.
एक संगठन के नेता ने चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि वेकोली के विजिलेंस विभाग द्वारा इस मामले की गंभीरता से जांच नहीं की गई, तो उपलब्ध सबूतों के साथ संबंधित उच्च विभागों में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई जाएगी.
मामला जांच के दायरे में होने के कारण संबंधित कर्मचारियों के नाम और फोटो फिलहाल गोपनीय रखे गए हैं.
गौरतलब है कि यह मामला सामने आते ही चंद्रपुर क्षेत्र के दुर्गापुर उपक्षेत्रीय प्रबंधक द्वारा हाल ही में दिए गए उस बयान की भी चर्चा तेज हो गई है जिसमें उन्होंने क्षेत्र में कुछ अनियमितताओं की ओर संकेत किया था इस घटनाक्रम को उसी बयान से जोड़कर देखा जा रहा है.







0 Comments